|
राजस्थान के करार से बीसीसीआई चिंतित |
|
|
|
|
Written by Administrator
|
|
Tuesday, 09 February 2010 14:05 |
|
मुंबई। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पहले संस्करण की विजेता टीम राजस्थान द्वारा दुनिया के कई देशों की घरेलू टीमों के साथ करार करने से भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) चिंतित है। राजस्थान टीम ने इंग्लैंड की क्रिकेट काउंटी हैम्पाशायर, वेस्टइंडीज की घरेलू टीम एवं चैम्पियंस लीग की उपविजेता त्रिनिदाद एवं टोबैगो, दक्षिण अफ्रीकी टीम कैप कोबरा तथा ऑस्ट्रेलिया की एक घरेलू टीम के साथ करार कर ग्लोबल स्पोर्ट्स एलायंस बनाया है। राजस्थान टीम के इस कदम से बीसीसीआई काफी चिंतित है। इस बारे में बीसीसीआई के प्रशासनिक अधिकारी रत्नाकर शेट्टी ने बताया कि राजस्थान टीम ने इस तरह का कदम उठाने से पूर्व बीसीसीआई से अनुमति नहीं ली है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की टीम में कई भारतीय खिलाड़ी हैं और इस तरह का कोई करार होता है तो वह संबंधित देश के क्रिकेट बोर्ड के साथ किया जाता है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान की टीम यदि इस तरह का कोई कदम उठाती है तो उन्हें बीसीसीआई से अनुमति लेने की जरूरत पड़ेगी। उन्होंने कहा कि हालांकि अभी तक उन्हें किसी ने इस बारे में किसी प्रकार की कोई जानकारी नहीं दी है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की टीम में शामिल भारतीय खिलाड़ी बोर्ड की अनुमति लिए बिना किसी अन्य देश में नहीं खेल सकते हैं। उधर, राजस्थान टीम के अधिकारियों ने बताया है कि उनके इस कदम की जानकारी आईपीएल को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि टीम के इस कदम से आईपीएल के हितों को किसी प्रकार का कोई नुकसान नहीं होगा। अधिकारियों ने बताया कि उन्हें अपनी सीमाएं पता है और वह ऐसा कोई भी कदम नहीं उठायेंगे जिससे कि बीसीसीआई के साथ कोई टकराव हो।
|