|
Written by Administrator
|
|
Tuesday, 09 February 2010 11:53 |
|

मुरलीपुरा और झालाना में तड़के हुए हादसे, एलटी लाइन पर गिरी एचटी लाइन, हजारों के उपकरण फुंके, महानगर संवाददाता... जयपुर, 9 फरवरी। राजधानी में आज दो अलग-अलग
स्थानों पर हाईटेंशन लाइनों के टूटने के कारण बड़े हादसे होते-होते बच गए। मुरलीपुरा और झालाना में सवेरे हुई इन घटनाओं के कारण घरों में लगे हजारों रुपए के उपकरण फुंक गए और कई मकानों में दरारें आ गई। मुरलीपुरा स्कीम के ई ब्लॉक में आज तड़के हाईटेंशन लाइन का खंभा लॉ-टेंशन लाइन पर गिर जाने से मकानों की वायरिंग में आग लगने के साथ ही कीमती घरेलू उपकरण फूंक गए। झालाना कच्ची बस्ती में भी हाईटेंशन लाइन का तार कई मकानों के लिए काल बनकर आया। मुरलीपुरा हादसे के शिकार और बैंक में ब्रांच मैनेजर शिवशंकर गुप्ता ने बताया कि सुबह पांच बजे अचानक जोर से धमाका हुआ। धमाके की आवाज सुनकर जब वे जागे तो देखा तो बिजली गुल होने से पूरे घर में अंधेरा हो गया। मकान में लगा हुआ बिजली का मेन स्विच बोर्ड जलकर राख हो गया। घर का गीजर, टेलीविजन, फ्रिज, पानी की मोटर, ट्यूबलाइट और अन्य उपकरण जल गए। गुप्ता का कहना है कि भगवान का शुक्र है कि वे धमाके की आवाज सुन कर जाग गए। वरना वायरिंग में लगी चिंगारियां पूरे घर के साथ ही सो रहे सदस्यों को अपनी चपेट में ले सकती थी। गुप्ता का कहना है कि यह हादसा तीसरी बार हो रहा है। वर्ष 2005, 2007 में भी दुर्घटना हो चुकी है। गुप्ता करते है कि तीन साल से वह हाईटेंशन लाइन को हटवाने के लिए विद्युत विभाग को लिख चुके हैं। हाल ही में भी 17 जनवरी को उन्होंने शिकायत की थी। मगर शिकायत पर कोई गौर ही नहीं किया गया। उधर घटना की जानकारी मिलने पर पहुंचे एईएन एस. के. लालवानी का कहना है कि तूफान की वजह से हाईटेंशन लाइन खंभे का स्टे वायर टूट जाने की वजह से उसकी वायरिंग टूट गई और लॉ टेंशन खंभे के तारों से जा भिड़ी। इस खंभे से दो मकानों में ही कनेक्शन था। इसलिए ज्यादा मकानों में क्षति नहीं पहुंच सकी। उनहोंने बताया कि वायरिंग और खंभे को दुरूस्त करवा दिया गया है। उधर झालाना डूंगरी कच्ची बस्ती में हाईटेंशन लाइन टूट जाने से कॉलोनी के कई मकानों में भारी नुकसान हुआ है। तड़के 3.30 बजे टूटी हाईटेंशन लाइन से स्थानीय निवासियों के कपड़े, विद्युत उपकरण सहित अन्य सामान जल कर स्वाह हो गया। कॉलोनी के 7-8 मकानों पर गिरी इस हाईटेंशन लाइन से कान्हाराम मीणा की मोटर साइकिल जल गई और जमीन में बड़ा गड्ढा हो गया। राजकुमार चौधरी के मकान में दीवारों में करंट आने से दरारें पड़ गई औश्र विद्युत की सर्विस लाइन फूंक गई। भोलाराम कुम्हार के मकान में रखे कपड़े और सर्विस लाइन जल गई। बाबूलाल बैरवा, प्रभुदयाल बैरवा के कपड़ों सहित सर्विस की वायरिंग फूंक गई। प्रहलाद सिंह चौहान की टीवी, सर्विस लाइन और प्लास्टिक के पाइप जल कर स्वाहा हो गए। |