|
Written by Administrator
|
|
Tuesday, 09 February 2010 11:40 |
|
भाजपा के अंतिम गढ़ पर भी कांग्रेस का कब्जा, महानगर संवाददाता.... जयपुर, 9 फरवरी। लगातार तीन बार जयपुर जिला परिषद चुनाव में जीत दर्ज कर अब तक अपराजेय रहने वाली भाजपा का गढ़ इस बार ढह गया है। पहली बार जयपुर में कांग्रेस ने जीत का परचम लहराया है। जयपुर जिला परिषद के कुल 51 वार्डों में से 27 में कांग्रेस, 21 में भाजपा और 3 वार्डों में निर्दलीय जीते। जिले की पंचायत समिति सदस्य चुनाव में भी कांग्रेस ने भाजपा को पीछे छोड़ दिया है। जिले की विराटनगर, शाहपुरा, दूूदू, फागी और बस्सी पंचायत समिति में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिला है। वहीं, भाजपा को सांभर, गोविन्दगढ़ और सांगानेर में स्पष्ट बहुमत मिल पाया है। इसी प्रकार कोटपूतली पंचायत समिति में जीत की बाजी निर्दलीयों के हाथ लगी है। यहां 9 वार्डों में निर्दलीयों ने जीत दर्ज कर प्रधान चुनाव में अपना वजूद बना लिया है। पंचायत चुनाव के परिणाम आते ही दोनों पार्टियों ने अपने-अपने प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी शुरु कर दी है। साथ ही जिला प्रमुख और प्रधान चुनाव में अपनी पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए निर्दलीयों से सम्पर्क साधा जा रहा है।
जिला प्रमुख और प्रधान पद के दावेदारों ने टिकट के लिए लॉबिंग शुरु कर दी है। दोनों पदों के लिए चुनाव कल होगें। कांग्रेस के विजयी प्रत्याशियों की आज विधायक बैठक ले रहे हैं और कल होने वाले चुनाव की रणनीति बनाई जा रही है। जीत से उत्साहित कांग्रेस के सभी विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्रों में डेरा जमा लिया है और जीत की बिसात बिछाने में जुटे हुए हैं। गृहमंत्री शांति धारीवाल ने कोटा, पंचायत राज मंत्री भरतसिंह ने बूंदी और झालावाड़, पी डब्ल्यूडी मंत्री प्रमोद भाया ने बारां, पीएचईडी मंत्री महिपाल मदेरणा जोधपुर, ऊर्जा मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह झुंझुनूं, उद्योग मंत्री राजेन्द्र पारीक सीकर और चिकित्सा मंत्री दुर्रू मिंया ने अलवर जिले की कमान संभाल रखी है। जयपुर जिला परिषद में गत तीन बार से लगातार अपना राजनीतिक वर्चस्व साबित करती आ रही भाजपा इस बार अपना गढ़ गवां बैठी। यहां पहली बार कांगे्रस ने जीत का परचम लहराया। जिला परिषद में पहली बार भाजपा के रामचरण बोहरा जिला प्रमुख बने थे। उसके बाद भाजपा की ही मधु शर्मा जिला प्रमुख बनीं। लगातार तीसरी बार भाजपा ने अपनी जीत दोहराते हुए रामगोपाल गार्ड जिला प्रमुख बने। लेकिन इस बार भाजपा कांग्रेस से मात खा बैठी। जिला प्रमुख की तलाश शुरु जयपुर जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस को बढ़त मिलते ही जिला प्रमुख पद के लिए दावेदारों की तलाश शुरु हो गई है। करीब आधा दर्जन दावेदारों में से पूर्व विधायक अशोक तंवर का नाम प्रमुख रुप से लिया जा रहा है। वहीं, दूसरी ओर खाद्य मंत्री बाबूलाल नागर के भाई हजारीलाल नागर का नाम भी जिला प्रमुख के दावेदार के रुप में उभरा है। हालांकि कांगे्रस नेतृत्व ने अभी यह कहकर सभीचर्चओंपर विराम लगा रखा है कि क्षेत्र में पर्यवेक्षक भेजे जाएंगे जो जीते हुए प्रत्याशियों से राय लेकर अवगत कराएं।
|
|
Last Updated on Tuesday, 09 February 2010 12:50 |